लुवास में मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार डॉ. सोनिया सिंधु ने संभाला
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के प्रशासन द्वारा मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक का अतिरिक्त दायित्व विश्वविद्यालय की वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षिका डॉ. सोनिया सिंधु को सौंपा गया है। विश्वविद्यालय ने मानव संसाधन प्रबंधन के सुचारू संचालन, पारदर्शिता और कार्यों की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की है।
डॉ. सोनिया सिंधु तीन दशकों से अधिक समय से पशु चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में सेवाएँ दे रही हैं। उन्होंने वर्ष 1990 में बी.वी.एससी. एंड ए.एच., वर्ष 1992 में एम.वी.एससी. की उपाधि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से अर्जित की। तत्पश्चात सन् 2005 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रैथक्लाइड, ग्लासगो (यू.के.) से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की।
वेटरनरी फिज़ियोलॉजी विषय में विशेषज्ञता रखने वाली डॉ. सिंधु विभागाध्यक्ष के रूप में भी लंबे समय तक कार्य कर चुकी हैं तथा विभाग को शैक्षणिक एवं शोध स्तर पर सशक्त बनाने में विशेष योगदान दिया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने कहा, “डॉ. सोनिया सिंधु एक समर्पित, अनुशासित और दक्ष शैक्षणिक प्रशासक हैं। मानव संसाधन प्रबंधन का अतिरिक्त दायित्व उन्हें सौंपे जाने से विश्वविद्यालय की मानव संसाधन व्यवस्थाएँ और अधिक पारदर्शी, प्रभावी तथा सुव्यवस्थित होंगी। हमें विश्वास है कि वे अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता के बल पर इस दायित्व का उत्कृष्ट निर्वहन करेंगी।”
प्रभार ग्रहण करने के अवसर पर पूर्व मानव संसाधन प्रबंधक डॉ. राजेश खुराना, रजिस्ट्रार डॉ. एस. एस. ढाका, डीन पशुचिकित्सा महाविद्यालय डॉ. मनोज रोज़, छात्र कल्याण निर्देशक डॉ. संदीप गुप्ता, लेखा नियंत्रक श्री विकास खरब, तथा डॉ. मीनाक्षी उपस्थित रहीं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. निलेश सिंधु ने बताया कि लुवास प्रशासन निरंतर पारदर्शिता, कार्यकुशलता और गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने के प्रति प्रतिबद्ध है। डॉ. सोनिया सिंधु की यह नियुक्ति उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विश्वविद्यालय की प्रशासनिक प्रणाली और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी होगी।